Updated On: 15 Oct, 2025

सुबह की सैर बनी आखिरी, केरल में पूर्व प्रधानमंत्री की मौत से फैली अफरा-तफरी

केरल के एर्नाकुलम जिले में बुधवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब केन्या के पूर्व प्रधानमंत्री रैला ओडिंगा की अचानक तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही घंटों में उनके निधन की खबर आई। 80 वर्षीय ओडिंगा सुबह की सैर पर निकले थे, तभी वे अचानक गिर पड़े। उनके सुरक्षा कर्मियों और परिजनों ने तुरंत उन्हें पास के देवमाता अस्पताल, कूथाट्टुकुलम पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें आपात स्थिति में भर्ती किया।

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि रैला ओडिंगा को हार्ट अटैक (हृदयगति रुकना) हुआ था। रास्ते में ही उन्हें CPR (Cardio Pulmonary Resuscitation) दी गई, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। ICU में डॉक्टरों ने कई घंटों तक उपचार किया, पर अंततः उन्हें बचाया नहीं जा सका।

जानकारी के अनुसार, रैला ओडिंगा कुछ दिनों से भारत में इलाज के लिए आए हुए थे। उन्होंने 4 अक्टूबर को मुंबई के एक निजी अस्पताल में प्रारंभिक जांच कराई थी और उसके बाद कोच्चि के श्रीधरेयम आयुर्वेदिक नेत्र चिकित्सा एवं अनुसंधान केंद्र में भर्ती हुए थे। वहाँ उनके स्वास्थ्य में सुधार देखा जा रहा था — वे व्हीलचेयर से उठकर चलना भी शुरू कर चुके थे।

मनोरमा ऑनलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, ओडिंगा अपने साथ अपनी बहन, छोटी बेटी, निजी डॉक्टर और अंगरक्षक के साथ भारत आए थे। उनके परिवार का कहना है कि वे पूरी तरह ठीक होने की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन बुधवार सुबह अचानक आई हृदय गति रुकने की घटना ने सबको स्तब्ध कर दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि रैला ओडिंगा अफ्रीकी राजनीति के मजबूत स्तंभ थे और भारत के सच्चे मित्र। प्रधानमंत्री मोदी ने पहले भी “मन की बात” और “आयुष शिखर सम्मेलन” में ओडिंगा की स्वास्थ्य यात्रा का उल्लेख किया था।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, उनके शव को प्रोटोकॉल के तहत केन्या भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्थानीय प्रशासन और केन्या दूतावास लगातार संपर्क में हैं।

रैला ओडिंगा 2008 से 2013 तक केन्या के प्रधानमंत्री रहे थे और लंबे समय तक विपक्ष के प्रमुख नेता रहे। उन्होंने हाल ही में 2027 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में भाग लेने की इच्छा भी जताई थी।