Updated On: 16 Oct, 2025

राजस्थान के बाड़मेर में दर्दनाक हादसा: ट्रेलर से टकराई स्कॉर्पियो, चार दोस्तों की जिंदा जलकर मौत

राजस्थान के जैसलमेर में हुए बस हादसे के अगले ही दिन बाड़मेर जिले के सिणधरी थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। सड़ा गांव के पास एक ट्रेलर और स्कॉर्पियो की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो में आग लग गई और उसमें सवार चार दोस्तों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई।


मृतकों की पहचान

मृतकों की पहचान डाबड़ गांव निवासी मोहन सिंह (35), शम्भू सिंह (20), पांचाराम (22) और प्रकाश (28) के रूप में हुई है। जबकि कार चालक दिलीप सिंह को ट्रेलर चालक ने किसी तरह बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई।


कैसे हुआ हादसा?

पुलिस के मुताबिक, गुड़ामालानी के रहने वाले ये पांच दोस्त बुधवार रात सिणधरी के एक होटल में खाना खाने गए थे। देर रात लौटते समय उनकी स्कॉर्पियो बालोतरा–सिणधरी मेगा हाईवे पर सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो आग के गोले में तब्दील हो गई। दरवाज़ा लॉक होने के कारण चार दोस्त बाहर नहीं निकल पाए।


पिछले दिन जैसलमेर में भी हुआ था बड़ा हादसा

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही जैसलमेर में जोधपुर जा रही एक AC स्लीपर बस में आग लग गई थी। बस में सवार 57 यात्रियों में से 20 की जलकर मौत हो गई थी और 15 से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से झुलस गए थे। हादसा वार म्यूज़ियम के पास हुआ था और आशंका है कि आग शॉर्ट सर्किट और AC कंप्रेसर फटने से लगी।