Updated On: 19 Oct, 2025

भरे बाजार में ट्रक ने महिला को रौंदा, मौके पर मौत – नाराज लोगों ने किया चक्का जाम

शहडोल जिले के बुढार नगर में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय महिला शिवकुमारी सेन की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में भारी तनाव फैल गया और गुस्साए लोगों ने अमरकंटक मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। लोगों का आरोप है कि बुढार पुलिस की लापरवाही के चलते यह घटना हुई है। भीड़ का कहना है कि त्योहार के मौके पर जब सड़क पर भीड़ अधिक होती है, उस समय भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवकुमारी सेन, जो कि एक नापित महिला थीं, किसी बच्चे की मालिश करने पैदल ही अपने घर से बुढार नगर की ओर जा रही थीं। तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें कॉलेज तिराहे के पास कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। यह इलाका बुढार का सबसे अधिक भीड़भाड़ वाला क्षेत्र माना जाता है, खासकर त्योहारों के दौरान जब सड़क किनारे दुकानें सजती हैं और यातायात सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ जाता है।

हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और उन्होंने रोड पर बैठकर चक्का जाम कर दिया। लोग मृतका के परिजनों को तत्काल पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बुढार पुलिस त्योहार के समय भी बड़े वाहनों को शहर के बीच से गुजरने देती है। उनका कहना है कि पुलिस और वाहन मालिकों के बीच मिलीभगत है, जिसके चलते शहर की सुरक्षा से समझौता किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी बल तैनात किया गया। लोगों ने घटना में शामिल ट्रक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक जाम समाप्त नहीं हुआ था और प्रशासन द्वारा मृतक के परिवार को कोई आधिकारिक मुआवजा नहीं दिया गया था।

स्थानीय प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर त्योहारों में भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक कंट्रोल को लेकर गंभीरता क्यों नहीं बरती जा रही है। फिलहाल लोगों का आक्रोश शांत नहीं हुआ है और क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।