Updated On: 25 Oct, 2025

अनूपपुर में न्यायिक मजिस्ट्रेट के आवास पर पथराव, सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

अनूपपुर जिले के कोतमा क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी एवं व्यवहार न्यायाधीश अमनदीप छाबड़ा के सरकारी आवास पर देर रात अज्ञात बदमाशों ने पथराव कर दहशत फैला दी। यह घटना 24 अक्टूबर की रात लगभग 12:30 बजे की बताई जा रही है। उस समय मजिस्ट्रेट अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे। अचानक हुए इस हमले से पूरा परिवार भयभीत हो गया और इलाके में हड़कंप मच गया।

सूत्रों के मुताबिक, हमलावरों ने घर के बाहर पहुंचकर पहले गालियां दीं और फिर आवास के गेट लैंप व दीवार में लगे लोहे के एंगल को तोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने आंगन में जमकर पथराव किया। घटना के दौरान जब न्यायाधीश अमनदीप छाबड़ा बाहर आए, तो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गए। हमलावरों ने धमकी भरे शब्दों में कहा, “कैसे मजिस्ट्रेटी करते हो, देख लेंगे, जान से मार देंगे।”

घटना की सूचना मिलने पर कोतमा पुलिस मौके पर पहुंची। भालूमाड़ा थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, हालांकि अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

न्यायिक मजिस्ट्रेट छाबड़ा ने इस घटना के बाद अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने जिला पुलिस प्रशासन से तत्काल सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।

एसपी मोतिउर रहमान ने बताया कि पुलिस टीम कोतमा और आसपास के इलाकों में सक्रिय रूप से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह हमला मजिस्ट्रेट के कुछ पुराने मामलों से जुड़ा हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

इस घटना से न्यायिक अधिकारियों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय वकीलों और न्यायालय कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि न्यायिक अधिकारियों को पर्याप्त सुरक्षा दी जाए ताकि वे निर्भय होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।

पुलिस विभाग का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल यह घटना पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है और न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर रही है।