महिला वनडे विश्व कप 2025: भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में बनाई जगह
डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए महिला वनडे विश्व कप 2025 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 339 रनों के लक्ष्य का पीछा 48.3 ओवर में पूरा किया। टीम की जीत की नायिका रहीं जेमिमा रोड्रिगेज, जिन्होंने दबाव भरी परिस्थिति में नाबाद 127 रन की शानदार शतकीय पारी खेली।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान एलिसा हीली सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गईं, लेकिन इसके बाद फीबी लिचफील्ड और अनुभवी ऑलराउंडर एलिस पेरी ने पारी को संभाला। दोनों के बीच 155 रनों की मजबूत साझेदारी हुई। लिचफील्ड ने 93 गेंदों में 119 रन बनाए, जिसमें 17 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। पेरी ने भी 77 रन की उम्दा पारी खेली। मध्यक्रम में एश्ले गार्डनर ने 45 गेंदों में 63 रन जोड़कर टीम का स्कोर 338 रन तक पहुंचाया।
जवाब में भारतीय टीम की शुरुआत धीमी रही। सलामी बल्लेबाज शफाली वर्मा 10 और स्मृति मंधाना 24 रन बनाकर जल्दी आउट हो गईं। इस कठिन समय में जेमिमा रोड्रिगेज और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शानदार साझेदारी कर टीम को संभाला। हरमनप्रीत ने 88 गेंदों में 89 रन की कप्तानी पारी खेली, जबकि रोड्रिगेज ने पूरे आत्मविश्वास के साथ क्रीज पर टिककर रन बनाए। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 168 रन की साझेदारी की और मैच को भारत की ओर मोड़ा।
हरमनप्रीत के आउट होने के बाद भी रोड्रिगेज ने मोर्चा संभाले रखा। उन्हें 72 रन के स्कोर पर जीवनदान मिला, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया और 115 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। आख़िर में दीप्ति शर्मा (24) और ऋचा घोष (26) ने तेज़ी से रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया। भारतीय टीम ने 48.3 ओवर में 5 विकेट खोकर 339 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम किया।
इस जीत के साथ भारतीय टीम ने वनडे विश्व कप इतिहास में सबसे बड़े लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करने का रिकॉर्ड बनाया। साथ ही, भारत ने ऑस्ट्रेलिया के 15 मैचों से जारी विजय अभियान को भी समाप्त कर दिया। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया 2017 के सेमीफाइनल में आखिरी बार विश्व कप में भारत से हारा था।
अब फाइनल में भारतीय महिला टीम का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा। दोनों टीमें अब तक कभी विश्व कप नहीं जीत पाई हैं, ऐसे में इस बार नया विजेता देखने को मिलेगा। भारतीय प्रशंसकों को उम्मीद है कि टीम इस बार इतिहास रचकर अपना पहला महिला वनडे विश्व कप खिताब जीत लेगी।

Leave a Reply