चोरी के मामलों पर भड़के बीट प्रभारी! बोले – “चार महीना मेरी नौकरी, इन मामलों में मत बोलो”
थाना जैतपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रसमोहनी बीट में चोरी की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सगरा टोला रसमोहनी में पिछले एक साल में 25 से अधिक चोरी की घटनाएँ हो चुकी हैं, लेकिन अब तक पुलिस किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। लगातार बढ़ती वारदातों से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि चोरियों की संख्या इस कदर बढ़ गई है कि अब लोग घर छोड़कर बाहर जाना भी असुरक्षित महसूस करते हैं। कई बार चोरों ने दिनदहाड़े भी घटनाओं को अंजाम दिया, पर पुलिस हर बार केवल औपचारिकता निभाकर मामलों को ठंडे बस्ते में डाल देती है।
🔹 मौके पर पहुँचे पुलिस अधिकारी की “सलाह” ने किया हैरान
चोरी के बाद आज जब पुलिस अधिकारी मौके पर मुआयना करने पहुँचे, तो जांच या ठोस कार्रवाई के बजाय उन्होंने पीड़ित को अपनी बाउंड्री वॉल ऊँची करने की “सलाह” देकर लौट गए।
इससे पहले बस से हुए डीजल चोरी के मामले में भी पुलिस ने पीड़ित को बस सही ढंग से खड़ी रखने की नसीहत दी थी।
ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे रवैये से लगता है कि पुलिस अब चोरी रोकने नहीं, बल्कि जिम्मेदारी टालने में लगी है।
🔹 जब ख़बरTap की टीम ने जानकारी लेना चाहा...
जब ख़बरTap की टीम ने बीट प्रभारी से चोरी के मामलों में अब तक की कार्रवाई के बारे में जानकारी लेनी चाही, तो बीट प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह भड़क उठे। उन्होंने कहा –
> “मेरी सिर्फ चार महीने की नौकरी बाकी है, इन मामलों में मुझसे सवाल मत पूछो, जाकर थाना प्रभारी से बात करो।”
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इन घटनाओं में अब तक क्या कार्रवाई हुई, इसकी कोई जानकारी नहीं है।
उन्होंने बार-बार यही दोहराया कि “यह केस हमारे पास नहीं है, थाना प्रभारी ही इसका जवाब देंगे।”
पत्रकारों और ग्रामीणों के सवालों पर उनका यह रुख सभी को हैरान कर गया।
बीट प्रभारी का यह बयान न केवल चौंकाने वाला है, बल्कि यह सवाल भी खड़ा करता है कि जब बीट प्रभारी ही जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने लगें, तो आम जनता को न्याय कौन दिलाएगा?
🔹 थाना प्रभारी जैतपुर पर भी उठे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जैतपुर थाना प्रभारी ने अब तक किसी भी चोरी का खुलासा नहीं किया है। सगरा टोला रसमोहनी, बुढ़ार रोड और आसपास के इलाकों में चोरी की घटनाएँ लगातार जारी हैं, लेकिन पुलिस की जांच व्यवस्था पूरी तरह निष्क्रिय दिखाई देती है।
सूत्रों के मुताबिक, कई बार संदिग्धों की जानकारी पुलिस को दी गई, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ कागजी खानापूर्ति की गई। यही कारण है कि अपराधी अब बेखौफ होकर रात-दिन क्षेत्र में सक्रिय हैं।
🔹 ग्रामीणों के मन में उठे सवाल
लगातार चोरियों और पुलिस की लापरवाही से अब ग्रामीणों के मन में कई सवाल उठने लगे हैं —
1️⃣ जब बीट प्रभारी ही कहते हैं कि “जवाब थाना प्रभारी देंगे”, तो मौके पर मुआयना करने क्यों आते हैं?
2️⃣ अगर कल ग्रामीणों पर हमला हुआ, तो जिम्मेदार कौन होगा — थाना प्रभारी, बीट प्रभारी या पूरा जैतपुर थाना?
3️⃣ आखिर कब तक पुलिस इस लापरवाह रवैये के साथ काम करती रहेगी?
ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सामूहिक रूप से थाने का घेराव कर उच्च अधिकारियों को ज्ञापन सौंपेंगे।

Leave a Reply