दिल्ली में लाल किले के पास ज़ोरदार धमाका, मची अफरातफरी!
राजधानी की शाम अचानक दहशत में बदल गई जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में तेज धमाका हुआ। इस धमाके ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। चंद सेकंड में कार लपटों में घिर गई और आसमान में धुएं का गुबार छा गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक 10 लोगों की जान जा चुकी थी। कई घायल अब भी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।
धमाका शाम करीब 6 बजकर 52 मिनट पर हुआ जब एक कार रेड लाइट पर रुकी हुई थी। उसी दौरान कार के अंदर तेज विस्फोट हुआ, जिससे आसपास खड़ी गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। लाजपत राय मार्केट और लाल जैन मंदिर के शीशे टूट गए। घटना स्थल हाई-सिक्योरिटी जोन में होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आईं।
दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने बताया कि फोरेंसिक टीम, एनआईए और एफएसएल की टीमें जांच में जुटी हैं। शुरुआती जांच में विस्फोट का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन सभी संभावनाओं पर काम चल रहा है। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस आयुक्त और आईबी प्रमुख से बात कर त्वरित रिपोर्ट मांगी है। गृह मंत्रालय ने एनएसजी और फॉरेंसिक साइंस विभाग को भी जांच में शामिल किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना को गंभीरता से लेते हुए गृह मंत्री से विस्तृत जानकारी ली। सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्रालय ने सभी बड़े शहरों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। दिल्ली पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और लाल किला मेट्रो स्टेशन की एंट्री-एग्जिट फिलहाल बंद कर दी गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, “धमाका इतना तेज था कि आसपास की दीवारें हिल गईं और लोग घरों से बाहर निकल आए।” राजधानी में अब हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और खुफिया एजेंसियां हर सुराग पर नज़र बनाए हुए हैं।
फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और घायलों का इलाज एलएनजेपी अस्पताल में किया जा रहा है। विस्फोट की वजह चाहे जो भी रही हो, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply