देश का मोस्ट वांटेड नक्सली ढेर — 1 करोड़ इनामी नक्सली पत्नी समेत मारा गया, सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी सफलता
छत्तीसगढ़ के बस्तर जंगलों में शुक्रवार तड़के सुरक्षा बलों ने उस नक्सली चेहरे का खात्मा कर दिया जिसे देश का सबसे खतरनाक और सबसे ज़्यादा वांटेड माओवादी माना जाता था। 1 करोड़ के इनामी और खूंखार हमलों का मास्टरमाइंड माड़वी हिड़मा, अपनी पत्नी समेत स्पेशल ऑपरेशन में मार गिराया गया।
यह वही हिड़मा था जिस पर देश के कई बड़े हमलों को अंजाम देने के आरोप थे —
2010 दंतेवाड़ा हमला: 76 CRPF जवान शहीद
2013 झीरम घाटी हमला: 27 लोगों की हत्या, कई शीर्ष नेता मारे गए
2021 सुकमा–बीजापुर मुठभेड़: 22 सुरक्षा कर्मी शहीद
हिड़मा का आतंक 1996 से जारी था, जब वह 17 साल की उम्र में संगठन से जुड़ा था। आदिवासी इलाकों में उसका नाम डर का पर्याय माना जाता था। कई ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों की हत्या में उसका हाथ बताया जाता रहा। यही कारण था कि सरकारी एजेंसियों ने उस पर 1 करोड़ रुपए का इनाम घोषित किया था।
सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 6.30 से 7 बजे के बीच दक्षिण बस्तर क्षेत्र में चलाए गए ऑपरेशन में हिड़मा, उसकी पत्नी और चार अन्य नक्सली गार्ड मारे गए। इलाके में पिछले कई महीनों से इनपुट थे कि हिड़मा अपनी टीम के साथ घूम रहा है, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने एक सटीक वेल-प्लान्ड एन्काउंटर को अंजाम दिया।
दिलचस्प यह है कि हिड़मा की मौत को सुरक्षा एजेंसियां नक्सल नेटवर्क की रीढ़ तोड़ने वाली सबसे बड़ी सफलता मान रही हैं। माना जा रहा है कि उसके मारे जाने के बाद माओवादी संरचना दक्षिण बस्तर में लंबे समय तक खड़ी नहीं हो पाएगी।

Leave a Reply