श्मशान में बीमा ठगी का खुलासा: अर्थी उठते ही शव की जगह निकला पुतला, जलाकर लेने वाला था क्लेम, कर्मचारी की सूझबूझ से पकड़ा गया फिल्मी स्कैम
हापुड़ के बृजघाट श्मशान घाट पर बुधवार शाम एक ऐसा खेल पकड़ में आया, जिसे सुनकर हर कोई दंग रह गया। यहां एक i20 कार में सवार चार युवक अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे, लेकिन जब अर्थी का कपड़ा हटाया गया—तो असली शव की जगह एक डमी पुतला निकला!
नगर पालिका कर्मचारी नितिन ने रजिस्टर में एंट्री के लिए मृतक का नाम-पता पूछा, तो चारों युवक हड़बड़ा गए। शक गहराया तो उसने शव दिखाने को कहा। जैसे ही कपड़ा उठा—बीमा ठगी का करोड़ों वाला ड्रामा खुल गया।
भाग भी नहीं पाए आरोपी
पुतला सामने आते ही हड़कंप मच गया। मौके से दो युवक भाग निकले, लेकिन दो को स्थानीय लोगों ने धर दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया।
दिल्ली से लेकर हापुड़ तक बुना गया प्लान
पकड़े गए आरोपियों में कमल सोमानी और आशीष खुराना शामिल हैं। दोनों ने बताया कि कार (HR26DN6168) से वे एक ‘सील्ड बॉडी’ लाए थे, जो कथित तौर पर दिल्ली के अंसारी हॉस्पिटल से दी गई थी—लेकिन असल खेल कुछ और था।
कड़ाई से पूछताछ में कमल टूट गया और बोला:
> “मेरे ऊपर ₹50 लाख का कर्ज है… इससे निकलने के लिए मैंने अपने जानकार अंशुल के नाम पर बीमा करवा रखा था, और उसी के पुतले का अंतिम संस्कार करके इंश्योरेंस क्लेम लेना चाहता था।”
कमल ने पहले अंशुल का आधार-पैन बहाने से लिया, फिर उसके नाम पर टाटा AIA से इंश्योरेंस कराया और किस्तें भी भरता रहा। योजना के मुताबिक 27 नवंबर को वह पुतला लेकर श्मशान पहुंचा था, ताकि ‘मृत्यु प्रमाण पत्र’ बनवाकर 50 लाख का दावा मार सके।
अंशुल तो जिंदा निकला!
पुलिस ने मौके पर कमल के फोन से अंशुल को वीडियो कॉल किया। उधर से अंशुल बोला— “मैं तो पूरी तरह से ठीक हूं, कुछ दिनों पहले अपने घर प्रयागराज आया हुआ हूं!”
यानी पूरा ड्रामा उसी के नाम पर रचा गया था, जबकि असली व्यक्ति जिंदा और सुरक्षित है।
पुलिस ने पूरे गिरोह के तार खंगालने शुरू किए
शव की जगह पुतले से बीमा ठगी का यह हैरान कर देने वाला मामला पुलिस के लिए भी नया है। फरार दो आरोपियों की तलाश जारी है। मेडिकल पेपर, हॉस्पिटल का नाम और बॉडी सीलिंग—सब कुछ फर्जी निकला।
सवाल बड़ा है:
• दिल्ली से लेकर हापुड़ तक यह ठगी कैसे प्लान की गई?
• कौन-कौन इस बीमा फर्जीवाड़े के रैकट में शामिल है?
फिलहाल पुलिस गैंग के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

Leave a Reply