Updated On: 01 Dec, 2025

रेलवे की धमाकेदार शुरुआत! स्लीपर में भी मिलेगा कंबल,चादर,तकिया, यात्रियों को मिलेगा प्रीमियम AC जैसा आराम

नई दिल्ली: ट्रेन में स्लीपर कोच से यात्रा करने वाले करोड़ों यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब एसी कोच की तरह स्लीपर क्लास में भी कंबल, तकिया और चादर उपलब्ध कराए जाएंगे। दक्षिण रेलवे ने 1 जनवरी 2026 से इस सुविधा की शुरुआत करने का ऐलान किया है। खास बात यह है कि ये बेडरोल ऑन-डिमांड मॉडल पर मिलेंगे—यानी जिसे ज़रूरत है, वही यात्री मामूली चार्ज देकर ले सकेगा।

कैसा होगा नया बेडरोल सिस्टम?
रेलवे के अनुसार स्लीपर क्लास में ज़्यादातर यात्री ठंड के मौसम में परेशानी झेलते हैं, क्योंकि वहां बेडशीट या कंबल की सुविधा नहीं होती। कई लोग अपना बेडरोल साथ ले जाते हैं, जिससे लगेज बढ़ जाता है। अब यात्रियों को यह झंझट नहीं उठाना पड़ेगा। ट्रेन स्टाफ के पास से आप सीधे पैक्ड, सैनिटाइज्ड बेडरोल ले सकते हैं।

चार्ज कितना लगेगा?

रेलवे ने कीमतें इतनी कम रखी हैं कि हर यात्री इसे आसानी से ले सके—
सिर्फ बेडशीट – 20 रुपये
तकिया + कवर – 30 रुपये
पूरा सेट (बेडशीट + तकिया + कवर) – 50 रुपये

यह सर्विस पहले दक्षिण रेलवे में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चलाई गई थी, जहां इसे शानदार रिस्पॉन्स मिला। अब इसे स्थायी बनाया जा रहा है।

किन ट्रेनों में शुरू होगी सुविधा?

यह सुविधा शुरू में दक्षिण भारत की इन प्रमुख ट्रेनों में मिलेगी—
नीलगिरि सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12671/72)
मंगलूरू सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12685/86)
मनारगुड़ी एक्सप्रेस (16179/80)
तिरुचेंदूर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (20605/06)
पालघाट एक्सप्रेस (22651/52)
सिलंबु सुपरफास्ट एक्सप्रेस (20681/82)
तांबरम–नागरकोइल सुपरफास्ट (22657/58)
तिरुवनंतपुरम सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12695/96)
अलेप्पी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (22639/40)
मंगलूरू एक्सप्रेस (16159/60)

रेलवे का मानना है कि इससे स्लीपर यात्रियों का सफर अब पहले की तुलना में काफी आरामदायक और सुविधाजनक हो जाएगा।