शनिवार देर रात गोवा के नाइट क्लब में भीषण आग, 25 की मौत—राज्य में हड़कंप
पणजी/अरपोरा: शनिवार देर रात गोवा की नाइटलाइफ़ दर्दनाक हादसे में बदल गई, जब अरपोरा स्थित हाई-प्रोफाइल नाइट क्लब ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ में लगी भीषण आग ने 25 लोगों की जान ले ली और 6 लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। मरने वालों में कई पर्यटक और क्लब कर्मचारी शामिल हैं, जबकि कुछ शव इतनी बुरी तरह जल चुके हैं कि पहचान के लिए DNA टेस्ट कराना पड़ेगा।
कैसे लगी आग? जांच जारी, वजह अब भी रहस्य
आग किस वजह से भड़की, इसका अभी तक स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। क्लब में भीड़ ज्यादा होने के कारण लोग बाहर निकल नहीं सके और लपटों से पूरी इमारत कुछ ही मिनटों में घिर गई। दमकल कर्मचारियों ने लगभग कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घायलों का इलाज गोवा मेडिकल कॉलेज, बम्बोलिम में चल रहा है।
CM सावंत का बड़ा बयान: “अग्नि सुरक्षा में भारी लापरवाही”
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि शुरुआती जांच में नाइट क्लब द्वारा फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी साफ दिख रही है। उन्होंने कहा कि सरकार क्लब प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई करेगी। साथ ही पूरे राज्य के नाइट क्लबों में सुरक्षा मानकों की विशेष जांच के आदेश दिए जाएंगे।
पहचान में परेशानी, परिवार बुलाए गए
कई शव इतने क्षत-विक्षत हैं कि पहचान मुश्किल हो रही है। पुलिस ने परिजनों को बुलाकर DNA मिलान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस घटना ने गोवा के नाइट क्लबों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply