दक्षिण शहडोल वनमंडल में कूप विदोहन कार्यशाला का सफल आयोजन, फील्ड पर दिया गया लाइव डेमो
शहडोल | 19 दिसंबर 2025
कूप विदोहन कार्यशाला वर्ष 2025–26 के अंतर्गत 19 दिसंबर 2025 को दक्षिण शहडोल वनमंडल में एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यशाला वन संरक्षक, वन वृत्त शहडोल श्री अनुपम सहाय (भा.व.से.) के निर्देशन तथा वनमंडलाधिकारी दक्षिण शहडोल सुश्री श्रद्धा पन्द्रे (भा.व.से.) के कुशल मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई।
कार्यशाला का आयोजन वनमंडल दक्षिण शहडोल अंतर्गत वन परिक्षेत्र बुढ़ार के बीट अमलई, कक्ष क्रमांक/आर.एफ. 844 में किया गया, जहाँ 43.81 हेक्टेयर क्षेत्रफल में नीलगिरी क्लीयर फेलिंग कूप का निरीक्षण एवं प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान कूपों के निरीक्षण, पातन कार्य, लॉगिंग कार्य, ठूंठ ड्रेसिंग, कूप विदोहन से संबंधित पंजियों का संधारण, लट्ठा–बल्ली–डोगरी का वर्गीकरण, कूप निकासी एवं परिवहन कार्य के साथ-साथ डिपो में वनोपज की आमद के बाद होने वाले कम–अधिक के अंतर के संबंध में विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यशाला के द्वितीय चरण में बीट अमलई के कक्ष क्रमांक/आर.एफ. 834, आई.डब्ल्यू.सी. धनपुरी कूप क्रमांक VIII (रकबा 298.67 हेक्टेयर) में फील्ड पर कूप विदोहन, पातन, लॉगिंग, ठूंठ ड्रेसिंग तथा लट्ठा–बल्ली–डोगरी के वर्गीकरण का लाइव डेमो भी दिया गया, जिससे उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवहारिक जानकारी प्राप्त हो सकी।
इस अवसर पर वन परिक्षेत्राधिकारी शहडोल श्री रामनरेश विश्वकर्मा, वन परिक्षेत्राधिकारी खन्नौधी सुश्री भाग्यशाली सिंह, वन परिक्षेत्राधिकारी केशवाही श्री अंकुर तिवारी, वन परिक्षेत्राधिकारी बुढ़ार श्री सलीम खान सहित समस्त कूप प्रभारी एवं सहायक कूप प्रभारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला का उद्देश्य कूप विदोहन कार्यों में पारदर्शिता, तकनीकी दक्षता एवं वन प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाना रहा, जिसे लेकर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इसे अत्यंत उपयोगी बताया।

Leave a Reply