Updated On: 04 Jan, 2026

शहडोल में 101 स्थानों पर विशाल हिंदू सम्मेलन, 15 से 30 जनवरी 2026 तक आयोजन

शहडोल।
सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और हिंदू एकता को सशक्त करने के उद्देश्य से सकल हिंदू समाज द्वारा शहडोल जिले में 101 स्थानों (73 मंडल एवं 28 बस्तियों) पर विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 15 जनवरी से 30 जनवरी 2026 तक जिलेभर में चरणबद्ध रूप से आयोजित होगा।
यह हिंदू सम्मेलन एक राष्ट्रव्यापी जन-अभियान का हिस्सा है, जो देशभर के सभी मंडलों एवं बस्तियों में एक साथ आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में शहडोल जिला भी इस ऐतिहासिक आयोजन का केंद्र बनने जा रहा है।
दुर्गा मंदिर से हुआ शुभारंभ, पूजा-अर्चना के बाद पत्रकार वार्ता
हिंदू सम्मेलन की औपचारिक शुरुआत शहडोल नगर स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला हिंदू सम्मेलन टोली के सदस्य असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. राधेश्याम नापित ने सम्मेलन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह आयोजन समाज में पांच परिवर्तन—
सामाजिक समरसता, सद्भाव, स्वदेशी, नागरिक कर्तव्य और कुटुंब प्रबोधन—को मजबूत करने का माध्यम बनेगा।
101 स्थानों पर कार्यक्रम, हर बस्ती में होगा भूमि पूजन और ध्वज स्थापना
जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक विवेक पांडे ने 101 स्थानों पर आयोजित होने वाले हिंदू सम्मेलन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मंडल और बस्ती में सम्मेलन स्थल पर भूमि पूजन कर धर्म ध्वज की स्थापना की जाएगी, जो कार्यक्रम तिथि तक स्थापित रहेगा।
मातृशक्ति और युवाओं की सक्रिय भागीदारी
पत्रकार वार्ता में मातृशक्ति के रूप में श्रीमती मोनिका राज, जयश्री कचेर एवं श्रीमती प्रमिला सिंह उपस्थित रहीं।
वहीं शिक्षक लालजी तिवारी और एडवोकेट इंद्रजीत मिश्र ने हिंदू सम्मेलन में आयोजित होने वाले सामाजिक, सांस्कृतिक और वैचारिक कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
हर हिंदू घर तक पहुंचेगा निमंत्रण
हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति द्वारा प्रत्येक बस्ती और मंडल में हल्दी-चावल एवं पत्रक के माध्यम से सभी हिंदू परिवारों को सम्मेलन में शामिल होने हेतु आमंत्रित किया जाएगा।
प्रदर्शनी, नाटक और प्रतिभा सम्मान होंगे आकर्षण
प्रत्येक मंडल एवं बस्ती में—
हिंदू समाज के महापुरुषों की प्रदर्शनी
सामाजिक व सांस्कृतिक नाटक
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजजनों का सम्मान
जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सम्मेलन में साधु-संत, कथा वाचक, मातृशक्ति एवं विशिष्ट समाजसेवी मंच से अपना उद्बोधन देंगे।
एक गिलास चावल और 10 रुपये से होगा सामूहिक आयोजन
हिंदू सम्मेलन को सामाजिक समरसता का प्रतीक बनाते हुए सकल हिंदू समाज द्वारा प्रत्येक हिंदू घर से एक गिलास चावल और 10 रुपये सहयोग स्वरूप लिए जाएंगे। इसी सहयोग से सम्मेलन का आयोजन और सामूहिक भंडारा संपन्न होगा।
कलश यात्रा, प्रभात फेरी और बाइक रैली से बनेगा जनआंदोलन
हिंदू सम्मेलन से पूर्व प्रत्येक मंडल और बस्ती में मातृशक्तियों द्वारा कलश यात्रा, प्रभात फेरी, भजन-कीर्तन और बाइक रैली के माध्यम से जन-जागरण किया जाएगा