ग्राम देवता ठाकुर बाबा धाम में निकली भव्य कलश यात्रा, कल से श्रीमद्भागवत कथा का होगा शुभारंभ
रसमोहनी ग्राम देवता ठाकुर बाबा धाम में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह के अंतर्गत आज भक्ति और श्रद्धा से ओत-प्रोत कलश यात्रा निकाली गई। इस पावन अवसर पर ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई और सनातन परंपरा के प्रति अपनी अटूट आस्था का परिचय दिया।
सुबह शुभ मुहूर्त में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर मंगल गीतों के साथ ग्राम भ्रमण किया। पूरे गांव में “हरि बोल” और “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक हो गया।
आयोजन समिति के अनुसार कल से विधिवत श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ होगा। कथा का वाचन कथावाचक आचार्य लक्ष्मी कांत मिश्रा द्वारा किया जाएगा, जिनकी मधुर वाणी और भावपूर्ण कथा शैली से श्रद्धालु धर्म और भक्ति के रस में सराबोर होंगे।
वहीं, श्रीमद्भागवत कथा का मूलपाठ शुभारंभ वेदकांत मिश्रा द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराया जाएगा, जिससे संपूर्ण यज्ञ विधि-विधानपूर्वक प्रारंभ होगी।
यह धार्मिक आयोजन 7 जनवरी 2026 से 15 जनवरी 2026 तक चलेगा। प्रतिदिन कथा का समय दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक निर्धारित है, जबकि 15 जनवरी को प्रातः 8 बजे पूर्णाहुति एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पुण्य आयोजन में सहभागी बनें और धर्मलाभ अर्जित करें। यह आयोजन न केवल आध्यात्मिक चेतना का संचार कर रहा है, बल्कि ग्राम में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को भी सुदृढ़ कर रहा है।

Leave a Reply