सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का समापन, विधायक जयसिंह मरावी ने लिया आशीर्वाद
ग्राम रसमोहनी में स्थित देवता ठाकुर बाबा देव मंदिर प्रांगण में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह का आज पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ श्रद्धा और भक्तिभाव के वातावरण में समापन हुआ।
कथा के अंतिम दिन सुबह से ही मंदिर प्रांगण में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण हेतु पहुंचते रहे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिरस में डूबा नजर आया। कथा वाचन कथावाचक आचार्य लक्ष्मी कांत मिश्र के श्रीमुख से किया गया, जिन्होंने श्रीमद्भागवत के माध्यम से भक्ति और धर्म का संदेश दिया।
वहीं मूलपाठ वैदिक वेदकांत मिश्र के द्वारा प्रतिदिन प्रातःकाल ग्राम की सुख-समृद्धि, शांति एवं कल्याण की भावना के साथ विधिवत पाठ संपन्न कराया गया।
श्रीमद्भागवत कथा के अंतिम दिवस कार्यक्रम में जैतपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जयसिंह मरावी का मंदिर प्रांगण में आगमन हुआ। विधायक जयसिंह मरावी ने व्यासपीठ एवं देवता ठाकुर बाबा देव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
आज कथा की पूर्णाहुति के उपरांत भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। संपूर्ण आयोजन में हरि नाम संकीर्तन, भक्ति और श्रद्धा का अनुपम संगम देखने को मिला।
यह सात दिवसीय श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह ग्राम रसमोहनी के समस्त ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसने क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना को और अधिक सुदृढ़ किया।

Leave a Reply