अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान समेत दो की सड़क हादसे में मौत, तीन गंभीर घायल
झांसी-कानपुर हाईवे पर डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार; झांसी जेल में बंद भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था अबान
झांसी। माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद और उसके एक साथी की गुरुवार को झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में कार सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना झांसी जिले के पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम खिल्ली के पास हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अबान अपने साथियों के साथ प्रयागराज से झांसी आ रहा था। बताया जा रहा है कि वह झांसी जिला जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूंछ भेजा। अस्पताल में डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान अबान अहमद और उसके साथी सोनू के रूप में बताई गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में अतीक अहमद के बेटे और उसके एक साथी की मौत हुई है, जबकि तीन घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में तेज गति और वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई गई है।
अतीक अहमद के परिवार का झांसी से पहले भी संबंध रहा है। वर्ष 2023 में उसके बेटे असद अहमद और सहयोगी गुलाम हसन की झांसी में एसटीएफ मुठभेड़ में मौत हुई थी। इसके बाद अली अहमद को झांसी जेल में रखा गया। अब अबान की दुर्घटना में मौत की खबर के बाद मामले ने प्रदेशभर का ध्यान एक बार फिर झांसी की ओर खींचा है।

Leave a Reply