Updated On: 10 Oct, 2025

फिलीपींस में 7.6 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी

फिलीपींस शुक्रवार सुबह एक बार फिर जोरदार भूकंप से कांप उठा। देश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से मिंडानाओ द्वीप के तट पर 7.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया, जिसके बाद सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र राजधानी दावाओ से लगभग 123 किलोमीटर दूर था और इसकी गहराई 58 किलोमीटर बताई गई है। वहीं, फिलीपींस की स्थानीय एजेंसी फिवोल्क्स (PHIVOLCS) ने इसकी गहराई 10 किलोमीटर दर्ज की है।

अब तक किसी बड़ी जनहानि या नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि झटके इतने तेज़ थे कि लोगों में दहशत फैल गई। कई लोग मॉल और घरों से बाहर निकल आए। दावाओ ओरिएंटल के गवर्नर एडविन जुबाहिब ने बताया कि कुछ इमारतों को नुकसान पहुंचा है और प्रशासन अलर्ट पर है।

फिवोल्क्स ने चेतावनी दी है कि इस भूकंप के बाद विनाशकारी सुनामी की संभावना है। तटीय इलाकों के लोगों को समुद्र से दूर जाने की सलाह दी गई है। अमेरिकी सुनामी चेतावनी केंद्र ने 1 से 3 मीटर ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई है। इसके साथ ही इंडोनेशिया के कुछ तटीय इलाकों और पलाऊ द्वीप देश में भी 1 मीटर ऊंची लहरें उठने की संभावना बताई गई है।

भूकंप का असर इंडोनेशिया तक महसूस किया गया है। वहां के अधिकारियों ने लोगों से शांत रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है। कई स्थानों पर हल्का नुकसान और दीवारों में दरारें आने की खबरें भी सामने आई हैं।

गौरतलब है कि फिलीपींस में इससे पहले 1 अक्टूबर को सेबू प्रांत के बोगो शहर में 6.9 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें 74 लोगों की मौत और 500 से अधिक घायल हुए थे। अब 10 दिन बाद एक और तेज झटका आने से लोग दहशत में हैं।

फिलीपींस प्रशांत महासागर के तथाकथित ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित है, जहां ज्वालामुखीय गतिविधियां और भूकंप अक्सर आते रहते हैं।