SECL अमलाई OCM हादसा: मिट्टी धंसने से 100 फीट गहरी खाई में समा गया डोजर, ड्राइवर की मौत, R.K.T.C कंपनी पर लापरवाही के आरोप
शहडोल जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत SECL सोहागपुर एरिया के अमलाई ओपनकास्ट माइंस (OCM) में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। मिट्टी धंसने (स्लाइडिंग) से डोजर मशीन 100 फीट गहरी खाई में समा गई, जिससे 35 वर्षीय ड्राइवर अनिल कुशवाहा की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा शाम करीब 5 बजे हुआ जब डोजर ऑपरेटर मिट्टी फीलिंग का काम कर रहा था। अचानक ओवरबर्डन (ओबी) एरिया की मिट्टी खिसक गई और भारी मशीन सहित ड्राइवर नीचे जा गिरा। घटना के तुरंत बाद आसपास के श्रमिकों में हड़कंप मच गया।
R.K.T.C कंपनी की लापरवाही पर सवाल
स्थानीय मजदूरों ने आरोप लगाया है कि R.K.T.C कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही से यह हादसा हुआ। बताया गया कि बारिश के बावजूद खतरनाक ढलान क्षेत्र में बिना सेफ्टी मॉनिटरिंग के काम कराया जा रहा था। मौके पर सुरक्षा उपकरण या चेतावनी व्यवस्था भी नहीं थी।
मौके पर प्रशासन और बचाव टीम तैनात
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम जैतपुर, एसडीओपी धनपुरी, थाना प्रभारी, SECL अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। SDRF टीम ने रात में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कई घंटों की मशक्कत के बाद ड्राइवर का शव बरामद किया गया।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अमलाई OCM में यह पहला हादसा नहीं है। इससे पहले भी कुछ कर्मचारियों के लापता होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
जांच और कार्रवाई की मांग
धनपुरी पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों और श्रमिक संगठनों ने मांग की है कि R.K.T.C कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों पर आपराधिक लापरवाही का केस दर्ज किया जाए, ताकि बार-बार दोहराई जा रही ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply